काइली के स्नैपचैट पर लगभग 2 करोड़ 45 लाख फॉलोवर्स हैं. दिलचस्प ये है कि काइली स्नैपचैट का इस्तेमाल क्यों नहीं करतीं, इसके पीछे बड़ा सीधा सा कारण हो सकता है|
अमेरिकी सेलेब्रिटी और इंटरनेट सेंसेशन काइली जेनर ने महज अपने एक ट्वीट से स्नैपचैट का बंटाधार कर दिया है. काइली ने एक ट्वीट क्या किया, स्नैपचैट का मार्केट वैल्यू 1.3 बिलियन डॉलर घट गया यानी स्नैपचैट को एक ट्वीट से 130 करोड़ का नुकसान हो गया.
दरअसल, काइली जेनर ने ट्विटर पर बस इतना कहा था कि वो अब स्नैपचैट इस्तेमाल नहीं करतीं.
बस्स! इतना ही. लेकिन उनकी ये बात उनके करोड़ों फॉलोवर्स तक पहुंच गई. और अधिकतर लोगों ने बताया कि वो भी स्नैपचैट के रीडिजाइनिंग के बाद से इसे कम ही इस्तेमाल कर रहे हैं. बस फिर क्या? मार्केट तो सुनी-सुनाई बात पर ही चलता है. इसके बाद स्नैपचैट का मार्केट वैल्यू 130 करोड़ तक घट गया. और कंपनी के शेयर भी 7.2 प्रतिशत घट गए.
टाइम्स की मानें तो वॉल स्ट्रीट भी स्नैपचैट के इंगेजमेंट में कमी और निगेटिव रिव्यू देख रहा है. इससे पता चलता है कि स्नैपचैट की लोकप्रियता कम हो रही है.
वैसे, इस नुकसान के बाद काइली ने भरपाई की कोशिश जरूर की है. उन्होंने इसके बाद एक दूसरा ट्वीट कर कहा कि वो अब भी स्नैपचैट को पसंद करती हैं, लेकिन डैमेज तो हो ही चुका है.
हालांकि, इसके पीछे बस काइली जेनर का जो ट्वीट है, वो है ही. इसके अलावा भी स्नैपचैट का इंगेजमेंट घटने के पीछे एक कारण है. दरअसल, हाल ही में स्नैपचैट ने ऐप को रीडिजाइन किया है, जो यूजर्स को कुछ खास पसंद नहीं आ रहा, इससे स्नैपचैट की चमक कम हुई है.
काइली जेनर अमेरिका के सबसे अमीर घरानों में से एक कार्डाशियन-जेनर परिवार की हिस्सा हैं. वो खुद सबसे यंग आन्त्रप्रन्योर्स में से एक हैं. वो फोर्ब्स की सबसे आन्त्रप्रन्योर्स की लिस्ट में सबसे कम उम्र की हैं. उनकी खुद की काइली कॉस्मेटिक्स नाम से कंपनी है, जिसका कारोबार करोड़ों में है और अगले 4 सालों में इसके और बढ़ने की संभावना है.
काइली के स्नैपचैट पर लगभग 2 करोड़ 45 लाख फॉलोवर्स हैं. दिलचस्प ये है कि काइली स्नैपचैट का इस्तेमाल क्यों नहीं करतीं, इसके पीछे बड़ा सीधा सा कारण हो सकता है. 20 साल की ये सेलेब्रिटी हाल ही में एक बेटी की मां बनी हैं. हो सकता है कि वो अपनी इस नई जिम्मेदारी के चलते सोशल मीडिया पर पहले जितनी एक्टिव न रह पा रही हों, लेकिन मार्केट को इससे क्या लेना-देना.









